स्वर्णिम भारत न्यूज़ संवाददाता, शिमला। चुनाव को लेकर हिमाचल में राजनीति पारा चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस ने अपने प्रचार को धार दे दी है। नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही हिमाचल में कांग्रेस का स्टार वॉर शुरू हो जाएगा। कांग्रेस नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रचार की कमान खुद अपने हाथों में ले ली है।
सीएम कार्यक्रम में जुटी कांग्रेस पार्टी
मुख्यमंत्री लोकसभा में सभी प्रत्याशियों के नामांकन में मौजूद रहेंगे। नामांकन के दिन ही बड़ी रैलियां चारों संसदीय क्षेत्रों में करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित संसदीय क्षेत्र के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। ऐसा करके सरकार व संगठन की एकजुटता का परिचय कांग्रेस देगी। कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री का टूर कार्यक्रम तैयार कर रही है।
ये दिग्गज भी रैलियों में होंगे शामिल
इसमें ऐसा प्रावधान किया जा रहा है। जबकि आने वाले दिनों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा की रैलियां आयोजित करने की तैयारी है। इनके अलावा कांग्रेस नेता सचिन पायलट, डीके शिव कुमार, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, भूपेश बघेल सहित कई अन्य नेता हिमाचल में रैलियां करने आएंगे।
मंत्री व विधायकों को रैलियों को सफल करने की जिम्मेदारी
9 मई को कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह का नामांकन सुबह के समय है। इस दिन सेरी मंच पर बड़ी रैली करने की तैयारी है। इसी दिन आनंद शर्मा भी अपना नामांकन पत्र भरेंगे। आनंद शमर के नामांकन के मौके पर भी राजीव शुक्ल, मुख्यमंत्री सुक्खू व प्रतिभा सिंह मौजूद रहेंगे।
धर्मशाला में बड़ी रैली की तैयारी में कांग्रेस
इस दिन कांग्रेस धर्मशाला में कांग्रेस बड़ी रैली करने की तैयारी में है। आनंद शर्मा पार्टी के वरिष्ठ नेता है ऐसे में पार्टी ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाना चाहती है। कांगड़ा के मंत्रियों व विधायकों को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी है। 10 मई को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी सतपाल रायजादा भी अपना नामांकन भरेंगे। उनका नामांकन हमीरपुर में होगा और वहां पर भी कांग्रेस की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।
शिमला संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी 13 मई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दिन पार्टी चौड़ा मैदान में बड़ी रैली करने जा रही है। शिमला संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को इसमें बुलाया गया है।
मंत्रियों पर रहेगा पूरा दारोमदार
नामांकन के दिन कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस दौरान होने वाली रैलियों को सफल बनाने के लिए मंत्रियों को विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्री व विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से भीड़ जुटाएंगे। कांग्रेस की इन रैलियों में जुटने वाली भीड़ बताएगी कि राज्य में सत्ता का क्या हाल है क्योंकि यह बड़ी रैलियां होंगी और इनके बाद फिर स्टार प्रचारकों की रैलियां प्रदेश में आयोजित की जाएंगी।
उप चुनाव के नामांकन में स्थानीय नेता
लोकसभा प्रत्याशियों के नामांकन में मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। जबकि उप चुनाव में स्थानीय नेता मौजूद रहेंगे। हालांकि छह में से कुछ विस क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भी जाएंगे।
सुबह व शाम को संगठन पदाधिकारियों से लेते फीडबैक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनावी प्रचार की कमान अपने हाथों में ले ली है। सुबह वे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनसभाओं को संबोधित करते हैं। जहां पर उनका कार्यक्रम होता है वहां पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाती है। शिमला वापिस अपने घर पहुंचने के बाद वह सुबह व शाम के समय संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी फीडबैक लेते हैं।
+91 120 4319808|9470846577
स्वर्णिम भारत न्यूज़ हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.